प्रियंका चोपड़ा बोलीं- बॉलीवुड की पॉलिटिक्स से थक गई थी:मुझे फिल्मों में कोई काम नहीं दे रहा था, इसलिए हॉलीवुड चली गई

प्रियंका चोपड़ा ने हॉलीवुड का रुख करने के फैसले पर पहली बार चुप्पी तोड़ी है। हाल ही में डेक्स शेफर्ड के पॉडकास्ट शो आर्मचेयर एक्सपर्ट में प्रियंका ने कहा कि करियर के पीक पर उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री छोड़ दी और सिंगिंग करना शुरू किया। वो अमेरिका में अपने लिए काम तलाशने लगीं।



प्रियंका ने कहा कि उन्हें बॉलीवुड में मन मुताबिक काम नहीं मिल पा रहा था और वो इंडस्ट्री की पॉलिटिक्स से परेशान हो गईं थीं। वो बॉलीवुड में मिलने वाले काम से खुश नहीं थीं।

मैं बॉलीवुड में मिलने वाले काम से खुश नहीं थी

प्रियंका ने आगे कहा- म्यूजिक लेबल देसी हिट्स की अंजलि आचार्य ने मुझे एक बार किसी म्यूजिक वीडियो में देखा और उन्होंने मुझे फोन किया। उस समय मैं सात खून माफ की शूटिंग कर रही थी। अंजलि ने मुझसे पूछा कि क्या मैं अमेरिका में अपना म्यूजिक करियर बनाना चाहूंगी? मैं उस वक्त बॉलीवुड से भागने की तलाश में थी।

प्रियंका बोलीं- मैं यहां से निकलने का कोई न कोई रास्ता खोज रही थी। मुझे इंडस्ट्री में एक कोने में धकेला जा रहा था। लोग मुझे कास्ट नहीं कर रहे थे। मुझे लोगों से शिकायत थी। मैं उस तरह के गेम खेलने में अच्छी नहीं हूं। मैं पॉलिटिक्स से थक गई थी और मुझे एक ब्रेक की जरूरत थी।



अमेरिका जाकर म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करने का मौका मिला

प्रियंका ने कहा- म्यूजिक की वजह से मुझे दुनिया के दूसरे हिस्से को एक्सप्लोर करने का मौका मिला। जिस तरह की फिल्में मुझे बॉलीवुड में मिल रही थीं, उनके लिए मैं कभी नहीं तरसी। मैंने इंडस्ट्री में तब तक काफी काम कर लिया था। अब मुझे नहीं लगा कि आगे मैं इसे करना चाहती हूं, इसलिए जब म्यूजिक का ऑफर आया तो मैंने कहा- भाड़ में जाओ, मैं तो चली अमेरिका।


प्रियंका ने साल 2012 में म्यूजिक करियर की शुरुआत की थी। उनका पहला गाना 'इन माई सिटी' था, इसके अलावा उन्होंने एक्जॉटिक, आई कांट मेक यू लव मी जैसे गाने गाए। उन्होंने साल 2015 में आई फिल्म मैरी कॉम में अपना पहला बॉलीवुड गाना गया था।



म्यूजिक में नहीं जमा करियर, एक्टिंग से बनाई पहचान

प्रियंका चोपड़ा ने म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। उन्होंने पिटबुल फर्रेल विलियम्स और जे जेड जैसे इंटरनेशनल सिंगर्स के साथ काम किया। हालांकि म्यूजिक में उनका करियर नहीं चल सका। इस दौरान प्रियंका को अहसास हुआ कि उनकी एक्टिंग अच्छी है। इसके बाद किसी ने प्रियंका चोपड़ा को सुझाव दिया कि वह अमेरिका में एक्टिंग में हाथ आजमा सकती हैं।

2015 के बाद से बॉलीवुड में ज्यादा एक्टिव नहीं हैं प्रियंका



प्रिंयका ने बॉलीवुड की करीब 53 फिल्मों में काम किया है। जिनमें बर्फी, बाजीराव-मस्तानी, दोस्ताना, क्रिश और डॉन 2 जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी आखिरी बॉलीवुड फिल्म 2019 में आई द स्काई इज पिंक थी, जिसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कुछ खास नहीं था। हालांकि 2015 के बाद से प्रियंका बॉलीवुड में ज्यादा एक्टिव नहीं हैं। वो अब हॉलीवुड फिल्मों और इंटरनेशनल शोज में अपनी पहचान बना रही हैं।



क्वांटिको से की थी हॉलीवुड में शुरुआत

प्रियंका ने 2015 में शो क्वांटिको से हॉलीवुड में एक्टिंग की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 2017 में बे-वॉच में काम किया, 2018 में वो फिल्म अ किड लाइक जैक और 2019 में उनकी फिल्म इज इंट रोमांटिक आई थी। 2023 में प्रियंका सिटाडेल और लव अगेन में नजर आएंगी। इसके अलावा उनकी अगली बॉलीवुड फिल्म 'जी ले जरा' है, जिसमें प्रियंका के साथ आलिया और कटरीना कैफ भी हैं।